उत्पन्ना एकादशी 2026 तिथि , कथा और महत्व
शुक्रवार, 4 दिसंबर 2026 · कृष्ण पक्ष, एकादशी तिथि — देवी एकादशी के प्रकट होने का दिन.
व्रत एवं पारण का समय
एकादशी तिथि भर व्रत रखा जाता है और अगली सुबह द्वादशी पर पारण समय-सीमा में तोड़ा जाता है। नीचे दिए समय नई दिल्ली के लिए हैं और अनुमानित हैं — अपने शहर के लिए पंचांग से सटीक तिथि और पारण की पुष्टि करें।

उत्पन्ना एकादशी
शुक्रवार, 4 दिसंबर 2026
समय नई दिल्ली के लिए हैं और आपके स्थान के अनुसार बदलते हैं। आज का पंचांग अपने शहर के लिए।
उत्पन्ना एकादशी हिंदू धर्म की महत्वपूर्ण एकादशी मानी जाती है, जो मार्गशीर्ष (अगहन) महीने के कृष्ण पक्ष की ग्यारहवीं तिथि पर पड़ती है। सभी एकादशियों की तरह यह एकादशी भी भगवान विष्णु की पूजा, भक्ति, उपासना, व्रत, मंत्र जाप और दान आदि से जुड़ा है। पौराणिक कथाओं में ऐसा वर्णन मिलता है कि, उत्पन्ना एकादशी से ही एकादशी व्रत की शुरुआत मानी जाती है। लेकिन यह इस एकादशी का एक सामान्य परिचय है। अगर आप उत्पन्ना एकादशी की संपूर्ण पूजा विधि, नियम, व्रत विधि और भगवान विष्णु के शरीर से प्रकट होने वाली देवी के बारे में जानना चाहते हैं तो आगे जरूर पढ़ें।
उत्पन्ना एकादशी 2026: तिथि और मुहूर्त
उत्पन्ना एकादशी का व्रत इस वर्ष 2026 में शुक्रवार, 4 दिसंबर 2026 को पड़ रहा है। वहीं व्रत का पारण अगले दिन द्वादशी तिथि पर किया जाएगा। मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि पर पड़ने वाले इस व्रत के मुहूर्त के बारे में विस्तृत जानकारी नीचे तालिका में दी गई है।
|
एकादशी व्रत |
तिथि और मुहूर्त |
|
उत्पन्ना एकादशी |
शुक्रवार, 4 दिसंबर 2026 |
|
मार्गशीर्ष एकादशी तिथि प्रारंभ |
गुरुवार, 3 दिसंबर रात 11:03 बजे |
|
मार्गशीर्ष एकादशी तिथि समाप्त |
शुक्रवार, 4 दिसंबर रात 11:44 बजे |
|
उत्पन्ना एकादशी पारण का समय |
शनिवार, 5 दिसंबर सुबह6:59 बजे से 9:04 बजे तक |
नोट- ऊपर की तालिका में दी गई मुहूर्त की जानकारी नई दिल्ली के समय के अनुसार है। सटीक समय के लिए स्थानीय पंचाग देखना अच्छा रहेगा।
उत्पन्ना एकादशी क्या है?
उत्पन्ना एकादशी दो शब्दों के मेल से बनी है। इसमें 'उत्पन्ना' का अर्थ है अस्तित्व में आना, और 'एकादशी' का अर्थ है चंद्र दिवस की ग्यारहवीं तिथि। इसे उत्पत्ति एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता के अनुसार, इस तिथि पर भगवान विष्णु के शरीर से देवी रूप में दिव्य शक्ति ने प्रकट होकर मुर नामक राक्षस का वध कर श्रीहरि के प्राण की रक्षा की थी। इसलिए इस एकादशी को नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय पाने वाला और आध्यात्मिकता बढ़ाने वाला भी माना जाता है। उत्पन्ना एकादशी पर भक्त अपनी इंद्रियों पर नियंत्रण रखने के लिए व्रत रखते हैं और भगवान से अच्छे स्वास्थ्य, सफलता, शांति और सद्भाव के लिए प्रार्थना करते हैं।
उत्पन्ना एकादशी का महत्व क्या है?
उत्पन्नी एकादशी व्रत का सबसे मुख्य महत्व यह है कि, इसी दिन से एकादशी व्रतों की शुरुआत मानी जाती है। यह एकादशी मुख्य रूप से भगवान विष्णु की पूजा और एकादशी देवी के जन्म से जुड़ी है। उत्पन्ना एकादशी के महत्व को विस्तारपूर्वक समझने के लिए नीचे पढ़ें।
एकादशी देवी का जन्म
उत्पन्ना या उत्पत्ति शब्द का अर्थ है ‘जन्म लेना’ या ‘प्रकट होना’। भविष्य पुराण के अनुसार, भगवान विष्णु एक बार गुफा में विश्राम कर रहे थे, तभी मुर नामक दैत्य ने उन पर आक्रमण करने का प्रयास किया। लेकिन भगवान के शरीर से दिव्य ऊर्जा के साथ एक देवी प्रकट हुईं और उन्होंने राक्षस को पराजित कर दिया। इसलिए इसे एकादशी देवी के जन्म का प्रतीक भी माना जाता है। भगवान विष्णु ने ही इस देवी का नाम एकादशी रखा और स्वयं यह कहा कि, जो जातक इस तिथि पर व्रत रखकर पूजा करेगा, वह पापों से मुक्त होकर मोक्ष प्राप्त करेगा।
एकादशी व्रत का वार्षिक संकल्प
जो श्रद्धालु एकादशी व्रत रखने का आजीवन या वार्षिक व्रत शुरू करना चाहते हैं, वे उत्पन्ना एकादशी पर इसका संकल्प लेकर व्रत की शुरुआत कर सकते हैं।
पुण्य प्राप्ति
शास्त्रों में ऐसा वर्णन मिलता है कि, उत्पन्ना एकादशी का व्रत करने वाले भक्तों को अपार पुण्य की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि, इस व्रत से तीर्थयात्राओं और वैदिक यज्ञों के समान पुण्य फल मिलता है। इसलिए अगर आप भगवान विष्णु का आशीर्वाद और पुण्य प्राप्त करना चाहते हैं तो यह व्रत अवश्य करें।
पाप कर्मों का निवारण
उत्पन्ना एकादशी के दिन उपवास रखने वाले श्रद्धालु अपने पूर्व और वर्तमान जन्म में किए जाने-अनजाने पाप कर्मों से मुक्त हो जाते हैं। इस एकादशी व्रत का शुभ फल दोनों प्रकार के नकारात्मक कर्मों का नाश करता है। इस व्रत को करने वाले व्यक्ति अपनी आत्मा को शुद्ध करते हैं और आध्यात्मिक चेतना के लिए स्वयं को तैयार करते हैं।
उत्पन्ना एकादशी व्रत का पालन कैसे करें?
उत्पन्ना एकादशी व्रत के नियम एक दिन पहले यानी दशमी तिथि से ही शुरू हो जाते हैं। यह दिन आमतौर पर व्रत, उपवास, पूजा, विष्णु पूजन, मंत्र जाप और आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ मनाया जाता है। हालांकि एकादशी का व्रत कैसे रखना है, यह परंपरा और रीति-रिवाजों के अनुसार अलग भी हो सकता है।
उत्पन्ना एकादशी से एक दिन पहले
उत्पन्नी एकादशी से एक दिन पहले श्रद्धालु व्रत की तैयारी करते हैं-
- घर और पूजा स्थल की सफाई करें।
- भोजन को शुद्ध और सात्विक रखें।
- व्रत से एक दिन पहले अधिक भोजन या भारी भोजन न करें।
- एक दिन पहले ही पूजा से संबंधित सारी सामग्रियों को एकत्र कर लें।
- व्रत से एक दिन पहले स्वयं को मानसिक रूप से तैयार रखें।
उत्पन्ना एकादशी पर
परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार, भक्त आमतौर पर निम्नलिखित चरणों का पालन कर सकते हैं-
- सुबह जल्दी उठें और संभव हो तो किसी पवित्र नदी में स्नान करें। घर पर भी नहाने के पानी में थोड़ा गंगाजल मिलाकर स्नान कर सकते हैं।
- एकादशी के दिन स्नान के बाद साफ कपड़े पहनें। इस तिथि पर पीले रंग का कपड़ा पहनना शुभ होता है। लेकिन काले, गहरे नीला या ग्रे रंग के कपड़े पहनने से बचें।
- पूजा स्थल की साफ-सफाई करें और जरूरी सामग्रियों को तैयार करें।
- व्रत रखने का संकल्प लें और फिर भगवान विष्णु की पूजा करें।
- अपनी इच्छा और क्षमता के अनुसार दान या सेवा करें।
उत्पन्ना एकादशी की रात
कुछ परंपराओं में एकादशी की रात को आध्यात्मिक गतिविधियों को अधिक महत्व दिया जाता है, जो इस प्रकार हैं-
- रात्रि जागरण
- भजन-कीर्तन
- धार्मिक ग्रंथों का पाठ
- मंत्रों का जाप
- आध्यात्मिक जागरूकता बनाए रखना।
हालांकि एकादशी पर रात्रि जागरण करना परंपरा और रीति-रिवाजों पर आधारित है। रातभर जागकर आध्यात्मिक गतिविधियों में भाग लेना एकादशी पूजन के लिए अनिवार्य नहीं है। स्वास्थ्य या किसी अन्य कारणों से रात में जागना संभव न हो को श्रद्धापूर्वक व्रत को पूरा करें
उत्पन्ना एकादशी व्रत नियम
उत्पन्ना एकादशी में व्रत रखना महत्वपूर्ण हिस्सा है। लेकिन व्रत रखना सभी के लिए संभव नहीं होता। इसलिए हिंदू धर्म में एकादशी व्रत के लिए व्रत कई प्रकार के नियम हैं, जो इस प्रकार हैं-
निर्जला व्रत
यह एक कठोर प्रकार का व्रत है। इस व्रत में जातक को अन्न-जल का सेवन करना वर्जित होता है। यह व्रत उन लोगों के लिए आदर्श है जो इसके अभ्यस्त हैं, शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं और जिन्हें कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं है।
जल सेवन (जलाहार व्रत)
इस प्रकार के व्रत में व्रत के दौरान जल का सेवन किया जा सकता है। लेकिन अन्य ठोस खाद्य पदार्थों का सेवन वर्जित रहता है।
फलाहार व्रत
फलाहार व्रत एक प्रकार का व्रत है जिसमें फल, दूध और अन्य अनुमत व्रत खाद्य पदार्थों का सेवन किया जा सकता है। साथ ही, इस व्रत के दौरान एकादशी के लिए हल्का आहार ले सकते हैं। शाम की पूजा के बाद परंपरा के अनुसार अनुमत खाद्य पदार्थों का उपयोग करके हल्का भोजन करें।
उत्पन्ना एकादशी व्रत में क्या खा सकते हैं?
उत्पन्ना एकादशी में व्रत के दौरान आप निम्नलिखित खाद्य पदार्थों का सेवन कर सकते हैं:
- फल
- दूध
- मेवे
- कट्टू का आटा, साबूदाना
- आलू और अन्य अनुमत सब्जियां
- व्रत का भोजन पकाने के लिए सेंधा नमक का प्रयोग करें
नोट- ऊपर बताए गए खाद्य पदार्थ आमतौर पर व्रत के दौरान मान्य होते हैं। लेकिन यह सूची परिवार में कई वर्षों से चली आ रही रीति-रिवाजों, परंपराओं और व्रत के नियमों के अनुसार भिन्न भी हो सकती है।
उत्पन्ना एकादशी पर क्या नहीं खाएं?
उत्पन्ना एकादशी में व्रत के दौरान आपको निम्नलिखित खाद्य पदार्थों से परहेज करना चाहिए-
- चावल
- गेहूं
- अन्य अनाज
- फलियां और दालें
- मांस और मछली
- शराब
- चुनी हुई उपवास परंपरा के अंतर्गत वर्जित खाद्य पदार्थ
- सामान्य सफेद नमक
एकादशी व्रत से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए ज्योतिष से फ्री चैट कर परामर्श ले सकते हैं।
उत्पन्ना एकादशी पूजा विधि
उत्पन्ना एकादशी की पूजा विधि घर पर सरल विधि से की जा सकती है, जो इस प्रकार है-
पूजा स्थल की साफ-सफाई
जिस स्थान पर भगवान विष्णु की पूजा करनी है, उस स्थान को अच्छे से साफ-सफाई कर शुद्ध कर लें। उचित सफाई और स्वच्छता के बाद, चौकी पर भगवान विष्णु की प्रतिमा स्थापित करें।
संकल्प लें
स्नान करने और पूजा की तैयारी करने के बाद अपने द्वारा रखे जाने वाले व्रत के प्रकार के बारे में संकल्प लें। संकल्प लेते समय भगवान के सामने हाथ जोड़कर खड़े हो जाएं। दाहिने हाथ में जल, अक्षत, फूल और दक्षिणा लेकर अपनी इच्छा या व्रत का प्रण बोलना चाहिए। संकल्प लेते समय अपना नाम, गोत्र या पिता का नाम, तिथि, वार, शहर का नाम और जिस व्रत या अनुष्ठान को आप कर रहे हैं उसका उच्चारण करना चाहिए।
भगवान विष्णु की पूजा करें
चौकी पर पीले रंग का कपड़ा बिछाकर भगवान विष्णु की प्रतिमा स्थापित करें। अब भगवान को चंदन का तिलक लगाकर फूल, तुलसी दल और नैवेद्य अर्पित करें। इसके बाद धूप-दीप जलाएं।
भोग अर्पित करें
भगवान विष्णु की पूजा में फल और सात्विक भोग अर्पित करें। यदि आप व्रत रख रहे हैं, तो एकादशी के आहार नियमों के अनुसार भोग तैयार करें।
विष्णु मंत्र का जाप करें
भोग लगाने के बाद, विष्णु मंत्रों का जाप करें। आप "ऊँ नमो भगवते वासुदेवाय", या विष्णु सहस्रनाम, हरे कृष्ण महामंत्र, या अपनी परंपरा में अपनाई जाने वाली प्रार्थनाओं का जाप कर सकते हैं। इसके बाद उत्पन्ना एकादशी व्रत कथा पढ़ें।
आरती करें और दान करें
विष्णु मंत्रों का जाप करने के बाद आरती के साथ पूजा का समापन करें। पूजा के बाद यदि संभव हो, तो अपनी इच्छा और श्रद्धा के अनुसार वस्त्र, भोजन या अन्य उपयोगी वस्तुओं का दान करें।
उत्पन्ना एकादशी पूजा सामग्री
घर पर उत्पन्ना एकादशी की पूजा करने के लिए आपको कुछ सामान्य सामग्रियों की आवश्यकता हो सकती है। पूजा से पूर्व इन सामग्रियों की व्यवस्था कर लेना आपकी पूजा प्रक्रिया को आसान बना सकता है। सामान्य पूजा सामग्री में निम्नलिखित शामिल हैं-
- भगवान विष्णु की मूर्ति या प्रतिमा
- तुलसी के पत्ते
- फूल
- फल
- पानी
- दीया
- घी या तेल
- अगरबत्ती
- कुमकुम, चंदन
- पंचामृत सामग्री
- भोग
- साफ कपड़े
- आरती के लिए कपूर
उत्पन्ना एकादशी पूजा की सटीक सामग्री क्षेत्रीय रीति-रिवाजों और परिवार द्वारा पालन की जाने वाली विष्णु पूजा के विशिष्ट रूप के अनुसार भिन्न हो सकती है।
उत्पन्ना एकादशी व्रत कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, सत्ययुग में मुर नामक एक अत्यंत पराक्रमी राक्षस था, जिसने अपनी शक्ति से देवताओं को परास्त कर स्वर्ग पर अधिकार प्राप्त कर लिया था। उसने स्वर्ग के सभी राजाओं को पराजित किया, चाहे वे इंद्र हों या अन्य देवता। उसने सूर्य और चंद्रमा जैसे ग्रहों के साथ अन्य तत्वों पर भी कब्जा कर लिया और इस प्रकार ब्रह्मांड में धीरे-धीरे अराजकता बढ़ने लगी। वह निर्दयतापूर्वक संसार पर शासन करने लगा। सभी देवता भयभीत हो गए और सहायता के लिए ब्रह्मांड के रक्षक भगवान विष्णु के पास पहुंचे। भगवान विष्णु ने देवताओं की रक्षा करने का वचन दिया।
इसके बाद भगवान विष्णु और दैत्य मुर के बीच भयंकर युद्ध छिड़ गया, जो कई वर्षों तक चला। भगवान ने अपने सुदर्शन चक्र और दिव्य कौमोदकी गदा से हजारों राक्षसों को पराजित किया और अंत में केवल राक्षस मुर ही बचा रहा। क्योंकि मुर को ब्रह्मा जी से वरदान मिला था कि, उसे कोई भी देवता, दानव या मनुष्य मार नहीं सकता है और ना ही किसी अस्त्र-शस्त्र से उसका वध संभव है। अजेयता का वरदान पाकर मुर का अत्याचार और बढ़ रहा था।
भगवान विष्णु और मुर के बीच भी वर्षों तक युद्ध चला। वे युद्ध के बाद थक गए थे और कुछ समय युद्ध रोकर विश्राम करने का निर्णय लिया गया। भगवान विश्राम करने के लिए बद्रीकाश्राम चले गए और एक गुफा में योगनिद्रा में लीन हो गए। भगवान विष्णु को गहरी नींद में देखकर राक्षस मुर भी गुफा में प्रवेश कर गया और भगवान पर आक्रमण करना चाहा। लेकिन जैसे ही उसने अपना शस्त्र उठाया, कभी भगवान विष्णु के शरीर से एक दिव्य स्त्री शक्ति प्रकट हुई। उसने अनेक दिव्य शस्त्र धारण किए हुए थे और तीव्र आध्यात्मिक प्रकाश से परिपूर्ण थी। देवी ने मुर राक्षस का वध कर भगवान की रक्षा की।
भगवान विष्णु जब नींद से जागे तो उन्होंने मुर को मृत पाया और देवी ठीक उनके सामने खड़ी थी। देवी एकादशी द्वारा भगवान विष्णु की रक्षा और उद्धार से भगवान प्रभावित और प्रसन्न हुए। भगवान के कहा कि, " देवी चूंकि आप कृष्ण पक्ष की ग्यारहवीं चंद्र तिथि को प्रकट हुईं, इसलिए आप एकादशी देवी के नाम से जानी जाएंगी और मेरी दिव्य शक्ति मानी जाएंगी।" इसके बाद, भगवान विष्णु ने उन्हें वरदान दिया कि जो कोई भी इस प्रकट दिवस पर उपवास रखेगा, वह सभी पापों से मुक्त हो जाएगा और अंततः मोक्ष या मुक्ति प्राप्त करके वैकुंठ (विष्णु का स्वर्गलोक) में स्थान पाएगा।
