मोक्षदा एकादशी 2026 तिथि , कथा और महत्व
शनिवार, 19 दिसंबर 2026 · शुक्ल पक्ष, एकादशी तिथि — गीता जयंती — मोक्ष प्रदान करने वाला व्रत.
व्रत एवं पारण का समय
एकादशी तिथि भर व्रत रखा जाता है और अगली सुबह द्वादशी पर पारण समय-सीमा में तोड़ा जाता है। नीचे दिए समय नई दिल्ली के लिए हैं और अनुमानित हैं — अपने शहर के लिए पंचांग से सटीक तिथि और पारण की पुष्टि करें।

मोक्षदा एकादशी
शनिवार, 19 दिसंबर 2026
समय नई दिल्ली के लिए हैं और आपके स्थान के अनुसार बदलते हैं। आज का पंचांग अपने शहर के लिए।
मोक्षदा एकादशी को वैकुंठ एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। यह भगवान विष्णु की पूजा और आध्यात्मिक साधना के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन व्रत, पूजा, दान और भगवद्गीता का पाठ करने से पुण्य मिलता है। मोक्षदा एकादशी का दिन मोक्ष और वैकुंठ में स्थान पाने की मान्यता से भी जुड़ा है। क्या आप मोक्षदा एकादशी की तिथि, मुहूर्त, महत्व, पूजा विधि और नियम आदि के बारे में विस्तारपूर्वक जानना चाहते हैं तो यह पृष्ठ आपको मार्गदर्शन प्रदान कर सकता है और आपके सभी प्रश्नों के उत्तर दे सकता है।
मोक्षदा एकादशी 2026: तिथि और मुहूर्त
मोक्षदा एकादशी का व्रत 20 दिसंबर 2026 को रखा जाएगा। एकादशी तिथि और पारण के समय का विवरण नीचे तालिका में दी गई है।
|
मोक्षदा एकादशी |
तिथि और मुहूर्त |
|
मोक्षदा एकादशी तिथि |
रविवार, 20 दिसंबर 2026 |
|
एकादशी तिथि आरंभ |
शनिवार, 19 दिसंबर, रात 10:09 बजे |
|
एकादशी तिथि समाप्त |
रविवार, 20 दिसंबर, रात 8:14 बजे |
|
पारण का समय |
सोमवार, 21 दिसंबर, सुबह 6:12 बजे से 8:21 बजे तक |
नोट- मोक्षदा एकादशी के पारण का यह समय नई दिल्ली के अनुसार है। अलग-अलग शहर के अनुसार समय में थोड़ा अंतर हो सकता है। व्रत खोलने से पहले अपने शहर का आज का पंचांग जरूर देखें ।
मोक्षदा एकादशी क्या है?
मार्गशीर्ष महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि की मोक्षदा या वैकुंठ एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित सबसे शुभ एकादशियों में से एक है। वैकुंठ शब्द का अर्थ है 'भगवान विष्णु का धाम', जबकि एकादशी का अर्थ चंद्र दिवस की ग्यारहवीं तिथि से है।
मोक्षदा एकादशी का दिन भगवान विष्णु का पूजन, उपवास, प्रार्थना, संयम, मंत्र जाप और आध्यात्मिक साधनाओं के माध्यम माना जाता है। इस एकादशी पर भक्तगण विष्णु मंदिर जाते हैं और विभिन्न समारोहों में भाग लेते हैं। यह वह विशेष दिन है जब कई विष्णु मंदिरों के गर्भगृह के पास स्थिर परमपद वासल (स्वर्ग का द्वार) खोला जाता है। मार्गशीर्ष की इस एकादशी को गीता जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। मान्यता है कि, इसी शुभ दिन पर भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि पर अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश दिया था।
मोक्षदा एकादशी का क्या महत्व है?
मोक्षदा एकादशी का महत्व भगवान विष्णु, आध्यात्मिक अनुशासन, भक्ति, उपवास और मोक्ष की पारंपरिक आकांक्षा से गहराई से जुड़ा हुआ है। इस एकादशी के महत्व को विस्तार से जानने के लिए आपको निम्नलिखित बिंदुओं पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
भगवान विष्णु को समर्पित
मोक्षदा एकादशी मुख्य रूप से भगवान विष्णु को समर्पित महत्वपूर्ण तिथि है। श्रीहरि विष्णु हिंदू धर्म के सबसे प्रमुख देवताओं में एक हैं, जो ब्रह्मांड संरक्षक हैं। मोक्षदा एकादशी पर भक्त व्रत, प्रार्थना, फूल-फल, दीप और तुलसी दल अर्पित कर अपनी भक्ति प्रकट करते हैं और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
मोक्ष से संबंधित
जैसा कि नाम से ही स्पष्ट होता है कि, मोक्षदा एकादशी का संबंध मोक्ष दिलाने से होता है। इस एकादशी का जुड़ाव भी मोक्ष से है। मान्यता है कि, जो लोग इस दिन व्रत रखकर भगवान विष्णु का पूजन करते हैं वे वैकुंठ में स्थान पाते हैं।
वैकुंठ द्वार का प्रतीकात्मक उद्घाटन
वैकुंठ द्वार का उद्घाटन, जिसे स्वर्ग वासल भी कहा जाता है। मोक्षदा एकादशी इसकी अनूठी परंपरा है। मोक्षदा एकादशी पर कई विष्णु मंदिरों में एक विशेष द्वार का निर्माण होता है या विशेष द्वार खोला जाता है। इस द्वार को भगवान विष्णु के दिव्य धाम या मंदिर वैकुंठ के प्रवेश द्वार का प्रतीक माना जाता है। भक्त मोक्ष या आध्यात्मिक मुक्ति की आकांक्षा से इस द्वार से होकर गुजरते हैं। यही कारण है कि इस एकादशी पर तिरुपति बालाजी मंदिर (तिरुपति) और श्री रंगनाथ जी मंदिर (वृंदावन) जैसे कई विष्णु मंदिर बड़ी संख्या में भक्तों को आकर्षित करते हैं।
भक्ति और आत्म-अनुशासन का महत्व बढ़ता है
मोक्षदा एकादशी का दिन जातक को आत्म-अनुशासन का अभ्यास करना और भगवान विष्णु में परम आस्था रखना सिखाता है। इस एकादशी पर भक्त व्रत रखते हैं, मंत्रोच्चारण करते हैं और प्रार्थना या ध्यान में लीन होकर भगवान विष्णु के प्रति अपनी भक्ति को बढ़ावा देते हैं। इसके अलावा व्रत के दौरान खान-पान पर प्रतिबंध और निश्चित समय का पालन भी किया जाता है, जो आत्म-अनुशासन को बढ़ाता है। इस प्रकार यह एकादशी प्रत्येक कार्य और विचार पर अधिक जागरूकता और चिंतन करने का अवसर भी देती है।
मोक्षदा एकादशी और गीता जयंती का संबंध
मोक्षदा एकादशी के दिन ही गीता जयंती भी मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र में अर्जुन को भगवद्गीता का ज्ञान दिया था। इसलिए भक्त इस अवसर पर गीता के अध्याय पढ़ते या सुनते हैं, उसके संदेश पर मनन करते हैं और अपने दैनिक जीवन में कर्तव्य, धैर्य तथा निष्काम कर्म जैसे विचारों को अपनाने का संकल्प लेते हैं।
मोक्षदा एकादशी पूजा विधि
मोक्षदा एकादशी की पूजा आप घर या विष्णु मंदिर कहीं भी कर सकते हैं। पूजा चाहे जिस भी स्थान पर करें, नीचे दी गई विधि एक सामान्य प्रकिया के रूप में आपके लिए मददगार साबित हो सकती है।
- एकादशी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें। यदि संभव हो तो नहाने के पानी में थोड़ा गंगाजल मिलाएं।
- स्नान के बाद साफ कपड़े पहनें। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वच्छ रहकर पूजा की तैयारी करें।
- एकादशी व्रत रखने के लिए अपना नाम, स्थान और कामना को बोलते हुए भगवान के सामने संकल्प लें और अपने व्रत के सफल समापन के लिए भगवान से प्रार्थना करें।
- पूजा स्थल को साफ करें और भगवान विष्णु की मूर्ति या चित्र को एक लकड़ी की चौकी पर स्थापित करें।
- चौकी पर पीले रंग का कपड़ा बिछाएं और फिर भगवान को स्थापित करें। अब भगवान को पीले वस्त्र पहनाएं और फूल-माला से सजाएं।
- पूजा के दौरान वातावरण को सकारात्मक बनाने के लिए घी का दीपक और धूप-अगरबत्ती जलाएं।
- भगवान विष्णु को चंदन का तिलक लगाएं, फूल और तुलसी के पत्ते अर्पित करें। अब भोग के लिए फल और नैवेद्य अर्पित करें।
- इसके बाद विष्णु मंत्रों का जाप करें। मोक्षदा एकादशी की व्रत कथा पढ़ें या सुनें और आरती के साथ पूजा का समापन करें।
- मोक्षदा एकादशी के दिन भगवद्गीता का पाठ करना भी शुभ माना जाता है। इसके अलावा यदि आपको पूजा विधि या नियम आदि को लेकर असमंजस हो तो फ्री चैट कर ज्योतिषी से परामर्श कर सकते हैं।
मोक्षदा एकादशी व्रत कथा
प्राचीन समय में गोकुल नगर में वैखानस नामक राजा राज्य करता था। उसके राज्य में चारों वेदों के ज्ञाता ब्राह्मण रहते थे। वह राजा अपनी प्रजा का बहुत अच्छे से ध्यान रखता था और उसकी प्रजा भी उससे प्रसन्न रहती थी। एक बार रात्रि में राजा को एक सपना आया। सपने में उसने देखा कि, उसके पिता नरक में हैं और कष्ट भोग रहे हैं। सुबह होते ही राजा तुरंत विद्वान ब्राह्मणों के पास पहुंचा और सपने के बारे में बताया। राजा ने ब्राह्मणों से कहा कि,कल रात्रि सपने में मैंने अपने पिता को नरक में कष्ट झेलते हुए देखा है। उन्होंने मुझसे कहा कि, हे पुत्र, मैं नरक में पड़ा हूं। यहां से मुझे मुक्ति दिलाओ। जबसे मैंने पिता के ये वचन सुने हैं तबसे मेरा मन बहुत बेचैन है। राजा होकर भी ऐसे पुत्र का जीवन व्यर्थ है जो अपने माता-पिता का उद्धार न कर सके। एक उत्तम पुत्र वही है जो अपने माता-पिता और पूर्वजों का उद्धार करता है। मुझे कृपया कोई उपाय बताएं मैं क्या करूं?
ब्राह्मणों ने कहा- हे राजन! यहां पास ही भूत, भविष्य, वर्तमान के ज्ञाता पर्वत ऋषि का आश्रम है। आप वहां जाएं वे आपकी समस्या का समाधान जरूर करेंगे। राजा उसी क्षण मुनि के आश्रम पहुंचा। उसने मुनि को साष्टांग दंडवत किया। राजा ने मुनि से कहा कि, अकस्मात मेरे चित्त में अशांति होने लगी है। यह सुनकर पर्वत मुनि ने अपनी आंखें बंद कर लीं और भूत विचारने लगे। फिर बोले, हे राजन! मैंने योग के बल पर तुम्हारे पिता के कुकर्मों को जान लिया है। उन्होंने पूर्व जन्म में कुछ पापकर्म किए हैं, जिस कारण कारण तुम्हारे पिता को नर्क का दुख झेलना पड़ रहा है।
राजा ने मुनि से कहा, इसका कोई उपाय बताइए। मुनि बोले, हे राजन! आप मार्गशीर्ष एकादशी का उपवास करें और उस उपवास के पुण्य को अपने पिता के लिए संकल्प कर दें। इसके प्रभाव से आपके पिता को अवश्य ही नर्क से मुक्ति मिल जाएगी। मुनि के कहे अनुसार, राजा ने विधि-विधान से मोक्षदा एकादशी का व्रत किया और इसका पुण्य पिता को अर्पण कर दिया। व्रत के प्रभाव से पिता को नर्क से मुक्ति मिल गई। राजा को फिर से सपना आया, जिसमें उसने पिता को स्वर्ग में जाते हुए देखा। इसलिए ऐसी मान्यता है कि, जो जातक मार्गशीर्ष मास की शुक्ल पक्ष की मोक्षदा एकादशी का व्रत करते हैं, उनके समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं। इस व्रत से बढ़कर मोक्ष देने वाला कोई और व्रत नहीं है।
कथा का धार्मिक संदेश- मोक्षदा एकादशी कथा से जुड़ी धार्मिक मान्यता यह संदेश देती है कि श्रद्धा, प्रार्थना, पुण्य कर्म और अपने पूर्वजों के कल्याण की भावना को विशेष महत्व देना चाहिए।
मोक्षदा एकादशी पर क्या करें?
- मोक्षदा एकादशी पर भक्ति, संयम और भगवान विष्णु का स्मरण करना चाहिए। यह सिर्फ एकादशी ही नहीं, बल्कि एक साधारण दिनचर्या भी कारगर सिद्ध होती है।
- एकादशी पर सुबह जल्दी उठने का प्रयास करें। जिससे स्नान कर सूर्य को जल अर्पित कर सके और पूजा की तैयारियों के लिए थोड़ा समय निकाल सकें।
- मोक्षदा एकादशी के दिन गीता जयंती भी मनाई जाती है। साथ ही यह धनुर्मास की एकादशी कहलाती है। इस दिन से गीता-पाठ का अनुष्ठान प्रारंभ करें और प्रतिदिन थोडी देर गीता पढ़ने का संकल्प लें।
- मोक्षदा एकादशी पर भगवान की विधि-विधान से पूजा करें और तुलसी दल अवश्य चढ़ाएं।
- मोक्षदा एकादशी पर तुलसी पूजन और दीपदान करें। शाम के समय तुलसी के पौधे के पास घी का दीपक जलाएं।
- एकादशी के दिन दूसरों की सेवा करना पुण्यकारी माना जाता है। आप इस दिन भूखे व्यक्ति को भोजन करा सकते हैं, अन्न-फल का दान कर सकते हैं या मंदिर में दान कर सकते हैं।
- पितृ शांति के लिए इस दिन किए गए पूजन और दीपदान से पितरों को मुक्ति और आशीर्वाद प्राप्त होते हैं।
मोक्षदा एकादशी पर क्या न करें?
- अपनी क्षमता से अधिक कठिन या निर्जला व्रत रखने का दबाव न लें। व्रत में भूखे रहने से अधिक जरूरी है भगवान के प्रति श्रद्धा और आस्था।
- व्रत के दौरान अपनी परंपरा में वर्जित माने जाने वाले भोजन से बचें। कई परंपराओं में एकादशी पर अनाज, चावल और बैंगन जैसी चीजें नहीं खाई जाती है।
- एकादशी के दिन क्रोध, कटु वाणी और दूसरों को दुख पहुंचाने वाले व्यवहार से बचने का प्रयास करें। इससे व्रत का लाभ नहीं मिलता।
- एकादशी के दिन तुलसी के पत्ते नहीं तोड़े। भगवान को अर्पित करने के लिए आप एक दिन पूर्व ही पत्ते तोड़कर रख लें।
