कुंडली में एकादश भाव (11th House) क्या है?

ज्योतिष शास्त्र में जन्म कुंडली के एकादश (ग्यारहवें) भाव को इच्छा, लाभ और अच्छे रिश्तों का भाव माना जाता है। इसलिए जब ज्योतिषी संपूर्ण कुंडली का विश्लेषण करते हैं, तब इस भाव को जरूर देखते हैं। यदि आप यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि ग्यारहवां भाव यह कैसे बताता है कि आपकी कमाई कितनी रहेगी, आपके करियर पर इस भाव का क्या असर पड़ेगा, आपकी दोस्ती, विवाह और सामाजिक जीवन के लिए यह भाव क्या कहता है तो यह पृष्ठ आपके लिए है।

ग्यारहवां भाव उम्मीद जगाने वाला भाव है, क्योंकि यह दर्शाता है कि मुश्किलों पर ध्यान देने के बजाय मेहनत करने से फल मिल सकता है। यह भाव आपको लक्ष्य और भविष्य के बारे में भी बताता है।

कुंडली का ग्यारहवां भाव क्या होता है?

ग्यारहवें भाव को 'लाभ भाव' या 'आय का स्थान' भी कहा जाता है। ज्योतिष में इसे महत्वपूर्ण भावों में एक माना जाता है। यह भाव बताता है कि जीवन के अलग-अलग चरणों में आप कितना लाभ कमा सकते हैं। हालांकि ग्यारहवां भाव कहीं न कहीं दसवें भाव से जुड़ा होता है। जैसे-जैसे दसवें भाव (कर्म और करियर) में बदलाव लाने की क्षमता बढ़ती है, वैसे-वैसे ग्यारहवें भाव में हमारी इच्छाएं भी बढ़ती है। यदि आप यह जानना चाहते हैं कि ज्योतिष में ग्यारहवें भाव का क्या अर्थ है या ज्योतिषी इसे सबसे महत्वपूर्ण भावों में से एक क्यों मानते हैं, तो यह पृष्ठ आपको इसे आसानी से जानने और व्यावहारिक तरीके से समझने में मदद कर सकता है।

  • वैदिक नाम- लाभ भाव, आय भाव 
  • प्राकृतिक शासक ग्रह और राशि- सूर्य ग्रह और कुंभ राशि 
  • ग्यारहवें भाव में रहने वाले लोग- मशहूर लोग, सेलेब्स, राजनेता और बहुत सफल या अमीर लोग
  • ग्यारहवें भाव में होने वाली गतिविधियां- जीत, धन इकट्ठा करना और बड़े समूह को प्रभावित करना 

ग्यारहवें भाव में विभिन्न ग्रहों का प्रभाव

ग्यारहवें भाव में सूर्य ग्रह

ग्यारहवें भाव में सूर्य की उपस्थिति लक्ष्य हासिल करने के लिए व्यक्ति में अधिक महत्वाकांक्षा और उत्साह को दर्शाती है। इस भाव में सूर्य की मजबूत स्थिति से सपनों को पूरा करने और सफलता पाने की संभावना रहती है। लेकिन सूर्य के पीड़ित या कमजोर होने पर मित्रों संग टकराव, अहंकार, बड़े भाई-बहनों से मतभेद और सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर चुनौतियां आ सकती हैं।

ग्यारहवें भाव में चंद्रमा ग्रह

ग्यारहवें भाव में चंद्रमा की उपस्थिति व्यक्ति के भीतर की भावनाओं और आत्मा को दर्शाती है। ऐसे लोग लंबे समय तक चलने वाले रिश्ते बनाते हैं और दूसरों की मदद करने वाले होते हैं। इस भाव में चंद्रमा की मजबूत स्थिति होने पर व्यक्ति को जनता, महिला, खानपान, यात्रा और सेवा से जुड़े क्षेत्रों में लाभ मिल सकता है। इसके विपरीत, चंद्रमा कमजोर होने पर आय में उतार-चढ़ाव और मित्रों के साथ भावनात्मक अस्थिरता रहती है।

ग्यारहवें भाव में मंगल ग्रह

कुंडली के इस भाव में मंगल की उपस्थिति से व्यक्ति महत्वाकांक्षी, प्रतिस्पर्धी और अपने लक्ष्य को हासिल करने वाला हो सकता है। ऐसे लोग अपने प्रयासों से आर्थिक लक्ष्य हासिल करने में सक्षम होते हैं। मंगल मजबूत हो तो जातक व्यापार, खेल, रियल एस्टेट, इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षेत्रों से लाभ प्राप्त कर सकता है। लेकिन कमजोर या पीड़ित मंगल के कारण दोस्तों और बड़े भाई-बहनों के साथ विवाद बढ़ने और जल्दबाजी में आर्थिक फैसले लेने की आशंका रहती है।

ग्यारहवें भाव में बुध ग्रह

ग्यारहवें भाव में बुध की मौजूदगी व्यक्ति को गंभीर बना सकती है। ऐसे लोगों का साहित्य और विज्ञान की ओर अधिक झुकाव हो सकता है। बुध यदि कुंडली के इस भाव में मजबूत हो तो लोग बातचीत, संपर्क और अपनी बुद्धिमत्ता के जरिए लाभ हासिल कर सकता है। लेकिन कमजोर बुध के कारण आर्थिक योजनाओं में अस्थिरता और मित्रों के साथ गलतफहमी हो सकती है।

ग्यारहवें भाव में बृहस्पति ग्रह

ग्यारहवें भाव में बृहस्पति (गुरु) की उपस्थिति से व्यक्ति की महत्वाकांक्षाएं बढ़ती है, वह ज्ञान, अनुभव और अच्छे संपर्कों से आगे बढ़ सकता है। बृहस्पति के मजबूत होने पर शिक्षा, सलाहकार, बैंकिंग, वित्त और धार्मिक कार्यों से लाभ मिलने की संभावना रहती है। लेकिन दूसरी ओर यदि बृहस्पति कमजोर हो तो आर्थिक मामलों में जरूरत से ज्यादा भरोसा करना और अवास्तविक अपेक्षाएं रखना नुकसानदायक भी हो सकता है।

ग्यारहवें भाव में शुक्र ग्रह

ग्यारहवें भाव में शुक्र की स्थिति व्यक्ति के स्वाभाव को दर्शाती है। इस भाव में शुक्र के होने पर व्यक्ति को सामाजिक संपर्कों, रचनात्मक कार्यों और अपने आकर्षक व्यक्तित्व के माध्यम से लाभ मिल सकता है। शुक्र के मजबूत होने पर फैशन, कला, मनोरंजन, डिजाइन, ब्यूटी और हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों से अच्छा लाभ होने की संभावना रहती है। वहीं शुक्र यदि पीड़ित हो तो सुख-सुविधाओं में कमी आती है।

ग्यारहवें भाव में शनि ग्रह

ग्यारहवें भाव में शनि की मौजूदगी व्यक्ति को अपनी इच्छाओं और आर्थिक लक्ष्यों को पूरा करने में धैर्य और निरंतर मेहनत की प्रेरणा देती है। इस भाव में यदि शनि मजबूत स्थिति में बैठा हो तो व्यक्ति लंबे समय में स्थायी आय, बड़े संगठनों और पेशेवर नेटवर्क के माध्यम से अच्छा लाभ प्राप्त कर सकता है। लेकिन शनि के खराब होने पर सतर्क रहने की जरूरत पड़ सकती है, क्योंकि इससे जानने वालों से मतभेद और आर्थिक लाभ देरी हो सकते हैं।

ग्यारहवें भाव में राहु ग्रह

कुंडली के इस भाव में राहु के होने पर व्यक्ति में महत्वाकांक्षाएं और सफल होने की इच्छा रहती है। राहु की मजबूत स्थिति अधिक उत्साह और नेटवर्किंग के माध्यम से लाभ कमाने में सहायक हो सकती है। लेकिन राहु कमजोर हो तो गलत संगति के जरिए पैसा कमाने के लिए गलत तरीके अपनाने के लिए उकसाता है।

ग्यारहवें भाव में केतु ग्रह

कुंडली के ग्यारहवें भाव में केतु यदि शुभ, सकारात्मक और मजबूत हो तो व्यक्ति के जीवन को सफल बना सकता है। इससे आर्थिक स्थिति बेहतर और इच्छाएं पूरी हो सकती हैं। लेकिन पीड़ित केतु के कारण लोगों को बड़े समूह का हिस्सा बनने में परेशानी हो सकती है।

ग्यारहवें भाव में अलग-अलग राशियों का प्रभाव

मेष राशि ग्यारहवें भाव में 

मेष राशि के इस भाव में होने पर व्यक्ति महत्वाकांक्षी, उत्साही और अपने लक्ष्य को हासिल करने में सक्रिय होता है। स्वामी ग्रह मंगल के प्रभाव के कारण ऐसे जातक आमतौर पर अपने दम पर आगे बढ़ना पसंद करते हैं और नए अवसरों के लिए पहल करते हैं। मंगल यदि मजबूत हो तो करियर और व्यवसाय में लाभ मिल सकता है। लेकिन मंगल की कमजोर स्थिति जल्दबाजी या प्रतिस्पर्धा की भावना के कारण मित्रों और सहयोगियों से मतभेद करा सकता है।

वृषभ राशि ग्यारहवें भाव में 

कुंडली के इस भाव में वृषभ राशि की मौजूदगी होने पर व्यक्ति आर्थिक स्थिरता और सुरक्षित भविष्य को अधिक महत्व देने लगता है। स्वामी ग्रह शुक्र के प्रभाव के कारण ऐसे लोग लगातार अपने लक्ष्म की ओर बढ़ते हैं। इन्हें संपत्ति, कला, सौंदर्य, बैंकिंग या वित्त से जुड़े क्षेत्रों में लाभ मिलने की संभावना रहती है। कुंडली में शुक्र यदि मजबूत हो तो आय के अच्छे अवसर भी मिलते हैं। इसके विपरीत शुक्र के कमजोर होने पर व्यक्ति भौतिक सुख-सुविधाओं या आर्थिक लाभ से थोड़ा वंचित रह सकता है।

मिथुन राशि ग्यारहवें भाव में

ग्यारहवें भाव में मिथुन राशि की मौजूदगी से जातक को बातचीत, विचारों के आदान-प्रदान और नए लोगों से जुड़ने के माध्यम से अवसर प्राप्त होते हैं। ऐसे लोगों की रुचि विशेषकर से लेखन, मीडिया, मार्केटिंग, शिक्षा और कम्युनिकेशन जैसे क्षेत्रों में होता है। कुंडली में स्वामी ग्रह बुध यदि मजबूत हो तो मित्रों और नेटवर्किंग से आर्थिक लाभ मिलता है। वहीं, यदि बुध कमजोर हो तो व्यक्ति को लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई हो सकती है।

कर्क राशि ग्यारहवें भाव में 

इस भाव में कर्क राशि के होने पर व्यक्ति अपने आस-पास के लोगों के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ा रहता है। इस राशि के स्वामी ग्रह चंद्रमा अगर ग्यारहवें भाव में मजबूत स्थिति में विराजमान होते हैं तब व्यक्ति सामाजिक सहयोग, मित्र और अपने आस-पास के लोगों के जरिए अच्छे अवसरों को पाता है। लेकिन चंद्रमा के पीड़ित होने पर भावनात्मक उतार-चढ़ाव आर्थिक फैसलों को प्रभावित कर सकते हैं।

सिंह राशि ग्यारहवें भाव में

ग्यारहवें भाव में सिंह राशि के होने पर व्यक्ति की महत्वाकांक्षाएं बड़ी हो सकती हैं। ऐसे जातकों में अच्छी नेतृत्व क्षमता होती है और ये प्रशासन, राजनीति, मनोरंजन या प्रबंधन से जुड़े क्षेत्रों में सफल होते हैं। स्वामी ग्रह सूर्य की मजबूत स्थिति से प्रभावशाली लोगों से संपर्क और कार्यक्षेत्र में पहचान मिलने के अवसर बनते हैं। जबकि पीड़ित या कमजोर सूर्य से व्यक्ति में अहंकार की भावना बढ़ सकती है, जो लोगों से दूरी बनाने का कारण बनता है। 

कन्या राशि ग्यारहवें भाव में

ग्यारहवें भाव में कन्या राशि होने पर व्यक्ति अपने लक्ष्यों को लेकर व्यावहारिक और योजनाबद्ध हो सकता है। ऐसे लोग बहुत सोच-समझकर फैसले लेते हैं और मेहनत से आर्थिक लाभ कमाते हैं। कुंडली में कन्या राशि का स्वामी ग्रह बुध जब मजबूत होता है तो व्यक्ति अपनी समझ और कौशल के जरिए लाभ के अवसर प्राप्त करता है। वहीं, बुध कमजोर के कारण जरूरत से ज्यादा सोचने या छोटी-छोटी बातों में उलझने की प्रवृत्ति हो सकती है।

तुला राशि ग्यारहवें भाव में

ग्यारहवें भाव में तुला राशि होने पर व्यक्ति के सामाजिक संबंध और साझेदारी उसके लिए लाभ के अवसर बना सकते हैं। इस राशि के लोगों का झुकाव कला, फैशन, डिजाइन, कानून, जनसंपर्क और व्यवसाय जैसे क्षेत्रों की ओर अधिर होता है। शुक्र जब इस भाव में मजबूत स्थिति में विरामजामन होता है तो तुला राशि वाले जातक मित्रों और व्यावसायिक संपर्कों के माध्यम से लाभ कमा सकते हैं। लेकिन शुक्र के पीड़ित होने पर व्यक्ति अपने लक्ष्यों से भटक सकता है।

वृश्चिक राशि ग्यारहवें भाव में 

ग्यारहवें भाव में वृश्चिक राशि होने पर व्यक्ति अपने लक्ष्यों को लेकर गंभीर और दृढ़ निश्चयी हो सकता है। ऐसे जातकों को आमतौर पर रिसर्च, वित्त, बीमा, मनोविज्ञान और गुप्त जानकारियों से जुड़े क्षेत्रों से लाभ पा सकते हैं। इस राशि के स्वामी ग्रह मंगल जब ग्यारहवें भाव में मजबूत स्थिति में विराजमान होते हैं, तब व्यक्ति कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर लाभ कमाता है। लेकिन मंगल यदि कमजोर हो तो मित्रों से मतभेद या प्रतिस्पर्धा की स्थिति बन सकती है।

धनु राशि ग्यारहवें भाव 

जन्म कुंडली के ग्यारहवें भाव में धनु राशि की मौजूदगी व्यक्ति की महत्वाकांक्षाओं को बढ़ा सकती हैं। स्वामी ग्रह बृहस्पति (गुरु) की मजबूत स्थिति इन महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने और लाभ कमाने में मददगार साबित हो सकती है। लेकिन बृहस्पति यदि पीड़ित हो तो व्यक्ति आर्थिक मामलों में बिना योजना के फैसले ले सकते हैं, जिससे उसे नुकसान उठाना पड़ सकता है।

मकर राशि ग्यारहवें भाव 

कुंडली के इस भाव मकर राशि की उपस्थिति यह दर्शाती है कि व्यक्ति लक्ष्यों को हासिल करने के लिए धैर्य और अनुशासन का पालन करता है। मकर राशि के स्वामी ग्रह शनि जब यहां मजबूत स्थिति में विराजमान होते हैं तो व्यक्ति को मेहनत का लाभ मिलता है और साथ ही सामाजिक मान-प्रतिष्ठा भी बढ़ती है। लेकिन शनि के कमजोर होने पर लाभ मिलने में देरी और रिश्ते-नातों में दूरी की स्थिति बन सकती है।

कुंभ राशि ग्यारहवें भाव 

कुंभ राशि वाले जातक नए विचारों, तकनीक और सामाजिक बदलाव से जुड़े कार्यों में रुचि रखते हैं। ग्यारहवें भाव में इस राशि की उपस्थिति व्यक्ति को इन कार्यों में प्रगतिशील बनाती है। स्वामी ग्रह शनि की मजबूत स्थिति से व्यक्ति अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देकर लंबे समय में लाभ प्राप्त कर सकता है। इसके विपरीत, शनि के पीड़ित होने पर सामाजिक संबंधों और योजनाओं को पूरा करने में देरी हो सकती है।

मीन राशि ग्यारहवें भाव में 

ग्यारहवें भाव में मीन राशि होने पर व्यक्ति कला, संगीत, लेखन, शिक्षा, समाज सेवा और आध्यात्मिक क्षेत्रों के माध्यम से लाभ प्राप्त करता है। स्वामी ग्रह बृहस्पति जब यहां मजबूत स्थिति में बैठे होते हैं तो व्यक्ति मित्रों और मार्गदर्शकों के सहयोग से लाभ मिल सकता है। वहीं, बृहस्पति कमजोर होने पर व्यक्ति आर्थिक मामलों और लक्ष्यों को लेकर अस्पष्टता महसूस कर सकता है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

Q. ग्यारहवां भाव किन मुख्य विषयों का कारक है?

A. कुंडली का ग्यारहवां भाव नियमित आय, धन लाभ, जीवन की बड़ी महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति, बड़े भाई-बहन और अच्छे मित्रों का कारक है। इसके साथ ही यह सामाजिक प्रतिष्ठा और बड़े समूहों से जुड़ाव को भी नियंत्रित करता है।

Q. ग्यारहवें भाव में कौन से ग्रह पापी या क्रूर माने जाते हैं?

A. ग्यारहवें भाव में शनि, राहु और केतु पाप ग्रह जबकि सूर्य और शनि क्रूर माने जाते हैं। हालांकि ये ग्रह अपनी दशा-अंतर्दशा में जातक की इच्छाओं और महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने की क्षमता भी रखते हैं।  

Q. कुंडली का ग्यारहवां भाव खाली हो तो क्या होगा?

A. ग्यारहवें भाव का खाली होना किसी बड़ी समस्या या अशुभता का संकेत नहीं है। ज्योतिष के अनुसार कुंडली में कुल 12 भाव हैं जबकि ग्रह 9 हैं। इसलिए अधिकांश लोगों की कुंडली में कुछ भाव खाली होते हैं।

Q. दूसरे भाव (धन भाव) और ग्यारहवें भाव (लाभ भाव) में क्या अंतर है?

A. कुंडली का दूसरा भाव संचित धन, बैंक बैलेंस और पैतृक संपत्ति को दर्शाता है। जबकि, ग्यारहवां भाव आय के स्रोतों, वेतन और व्यापार से होने वाले मुनाफे को दिखाता है।

Q. ग्यारहवें भाव में कौन-सा ग्रह सबसे शुभ माना जाता है?

A. 'उपचय भाव' होने के कारण ग्यारहवें भाव में लगभग सभी ग्रह अच्छे परिणाम देते हैं। विशेष रूप से गुरु, शुक्र और चंद्रमा यहां व्यक्ति के आय के कई स्रोत बनाते हैं और समाज में लोकप्रिय बनाते हैं। वहीं सूर्य या शनि की उपस्थिति व्यक्ति को उच्च पद, सरकारी लाभ और दीर्घकालिक सफलता दिलाती है।